पर्यटन विभाग ने होटल को लगाया 10 हजार रुपये जुर्माना
बिल बुक में अनियमितताओं के चलते हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। सोशल मीडिया पर वायरल हुई होटल की शिकायत के बाद सुर्खियों में आए होटल को पर्यटन विभाग ने एक बार फिर जुर्माना किया है। इस बार होटल को 10 हजार रुपये जुर्माना अदा करने के निर्देश दिए गए हैं। होटल पर यह कार्रवाई उसकी बिल बुक में अनियमितताएं पाए जाने के चलते हुई है। गौर रहे कि जून महीने में जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते क्षेत्र से संबंधित एक होटल मालिक पर पर्यटक ने मारपीट करने और ओवरचार्जिंग के आरोप लगाए थे। इस पर कार्रवाई करते हुए पर्यटन विभाग ने आरोपी होटल मालिक को नोटिस जारी किया था। इस दौरान पर्यटन विभाग ने होटल मालिक को टूरिज्म रजिस्ट्रेशन एक्ट की धज्जियां उड़ाने पर 8000 रुपये जुर्माना लगाया था। यह जुर्माना उसे पर्यटकों की संख्या के विपरीत ठहराने और उन्हें एक ही कमरे में अतिरिक्त बेड और गद्दे लगाने की एवज में लगाया गया है। इसके अलावा पर्यटन विभाग ने होटल की बिल बुक और रजिस्टर को भी कब्जे में लिया है। वहीं पर्यटन विभाग ने जब होटल की बिल बुक और रजिस्टर की जांच की तो उसमें खामियां पाई गईं। इसके चलते होटल को दोबारा 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। जिला पर्यटन अधिकारी मधु चौधरी ने बताया कि होटल के रजिस्टर और बिल बुक को पर्यटन विभाग ने कब्जे में लिया था। इस पर होटल की बिल बुक में खामियां पाई गई हैं, जिसके चलते होटल को 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है।