अमर उजाला ब्यूरो
भवारना (कांगड़ा)।
भवारना से सटे दैहण के गांव घरूंह के पास सोमवार दोपहर बाद करीब चार बजे दो बाइक आपस में टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा बस को ओवरटेक करते समय हुआ। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। दैहण के पास एक बाइक सवार बस को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी टक्कर हो गई। इस कारण युवक अजय कुमार (30) निवासी घरूंह बस के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि बस रुक गई थी। दूसरी बाइक में सवार युवक भी नाली में जा गिरे। अजय को पालमपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर प्रोवेशन पर आए डीएसपी सुशांत शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।