दोस्त के घर गए राजोल निवासी की संदिग्ध मौत
खाना खाने के बाद सोया था बिस्तर पर, सुबह मिला मृत
अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर थाना क्षेत्र के सदवां में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। युवक की पहचान राजेश कुमार पुत्र जयचंद निवासी राजोल (कांगड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार राजेश कुमार (29) सदवां में अपने दोस्त शेखर के घर आया हुआ था। वह रात का खाना खाने के बाद बिस्तर पर लेट गया, लेकिन सुबह राजेश अपने बिस्तर पर मृत पाया गया। राजेश के दोस्त ने इसकी सूचना पुलिस और उसके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की। डीएसपी साहिल अरोड़ा ने बताया कि धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकता है।