आईपीएच के पंप हाउसों से मोटरें उड़ा ले गए चोर
शाहपुर (कांगड़ा)। ग्राम पंचायत रैत में चंबी पुल से रिहलू रोड पर आईपीएच विभाग के दो पंप हाउसों पर चोरों ने सात लाख से अधिक की मशीनरी पर डाका डाला है। चोरों ने बल्ला-सनाला स्कीम के तहत पंप हाउस में लगी दो मोटरों, स्टार्टर और केबल तार चुराने के साथ दूसरे पंप हाउस रैत-नौशहरा स्कीम की भी केबल और तार, स्विच बॉक्स और स्टार्टर को चोरी कर लिया। चोरों ने दरवाजे में लगे तालों को पहले कटर से काटा उसके बाद अंदर दाखिल हुए। पंप हाउस में चोरी होने से ग्रामीण इलाकों नेरटी, नौशहरा, बागडू और रैत आदि क्षेत्र प्रभावित हुए हैं। सेक्शन रैत के कनिष्ठ अभियंता राजकुमार ने कहा कि थाना शाहपुर में उन्होंने चोरी की घटना की शिकायत दर्ज करवा दी है। वहीं, थाना प्रभारी गंभीर चंद ने भी चोरी की घटना की पुष्टि की है।