धर्मशाला। वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने वन मंडल देहरा के अंतर्गत रक्कड़ चौली वन बीट में 19 खैर के पेड़ काटने के मामले का कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने संबधित अधिकारियों को मामले की जांच कर तुरंत रिपोर्ट करने को कहा है। उन्होंने वन और पुलिस विभाग को दोषियों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई करने के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित रूप से रात्रि गश्त, नाके लगाने और उड़नदस्तों को नियमित गश्त करने के निर्देश दिए हैं। ठाकुर नेे अधिकारियों को वन मंडल तथा वन वृत्त स्तर पर गठित त्वरित प्रतिक्रिया दलों को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने भविष्य में इस प्रकार की घटना की सूचना तुरंत संबधित कार्यालयों तथा उनके कार्यालय को भी देने के निर्देश जारी किए हैं। वन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार वनों एवं वन्य जीवों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वनों की सुरक्षा में किसी प्रकार की ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी।