अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर (कांगड़ा)। क्षेत्र के सरकारी शिक्षण संस्थान में एक प्रशिक्षक की ओर से 12 प्रशिक्षुओं के साथ घिनौना काम करने का मामला सामने आया है। इस पर एसपी कांगड़ा के दिशानिर्देशों के बाद पुलिस थाना नूरपुर में मामला दर्ज हुआ। जानकारी के अनुसार सभी 12 प्रशिक्षु लड़के हैं, जिनमें कुछ लड़के नाबालिग भी हैं। पुलिस ने प्रशिक्षक के खिलाफ पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी अनुसार नूरपुर क्षेत्र के एक शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य को जब अपने प्रशिक्षक की गलत गतिविधियों में संलिप्त होने की शिकायत मिली तो उन्होंने अपने स्तर पर जांच शुरू की। उसके बाद प्रधानाचार्य ने इस संदर्भ में विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। संस्थान में मामले का पता लगाने के लिए सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया और इस कमेटी ने प्रशिक्षुओं की काउंसलिंग शुरू की। इस दौरान 12 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षक के खिलाफ लिखित में छेड़खानी की शिकायत सौंपी। गठित कमेटी ने अपनी रिपोर्ट बना कर विभाग के उच्च अधिकारियों को सौंपी। इसके बाद विभाग ने प्रशिक्षक को निलंबित कर एसपी कांगड़ा को कार्रवाई के लिए शिकायत सौंप दी। एसपी कांगड़ा संतोष पटियाल ने इस मामले को नूरपुर थाने प्रेषित कर आगामी कार्रवाई के लिए दिशा निर्देश दिए। इसी बीच वीरवार को संस्थान के प्रिंसिपल सहित मामले में गठित की गई सात सदस्यीय कमेटी सदस्यों और पीड़ित प्रशिक्षुओं के बयान कलमबद्ध कर बाल यौन अपराध के आरोपी प्रशिक्षक के खिलाफ पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी संतोष पटियाल ने मामले की पुष्टि की है।