राजा का तालाब (कांगड़ा)। शातिर चोरों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। आए दिन चोरी की वारदातों से लोग सहम गए हैं। जिले में किसी न किसी कोने में हर रोज चोर लोगों की खून-पसीने की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। लेकिन पुलिस खाली हाथ है। ताजा मामले में रैहन चौकी के अंतर्गत नेरना पंचायत में चोर एक घर से 15 तोले सोने के गहने उड़ा ले गए। चोरों ने जिस समय घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया, उस दौरान घर में कोई नहीं था। चोरों ने घर में लगी लोहे की अलमारी को उठाया और उसे करीब 100 मीटर दूर ले गए, जहां उसे तोड़कर उससे आभूषण निकाले गए। वहीं पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार निर्दोष चौधरी, नरोत्तम चौधरी व संदीप चौधरी तीनों बहनों के घर के अंदर रखी लोहे की अलमारी से चोरों ने गहनों पर हाथ साफ किया। लोहे की वजनदार यह अलमारी घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर मंगलवार सुबह पास लगते खेत में जमीन के मालिक संजय ने देखी। संजय ने सूचना नेरना पंचायत प्रधान राजकुमार राजू को दी। रैहन पुलिस को सूचना देने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बड़ी बहन निर्दोष चौधरी को बताया। बताया जा रहा है कि घर में रहने वाली दो बहनों में एक छोटी बहन संदीप चौधरी टांडा में कार्यरत होने की वजह से कभी-कभी ही घर पर आती है, जबकि दूसरी बहन नरोत्तम चौधरी जो घर पर अक्सर होती हैं। अपनी बीमारी की वजह से 12 जून से पीजीआई चंडीगढ़ गई हुईं थी। डॉक्टरों की हड़ताल की वजह से वह समय पर नहीं पहुंच पाई। बड़ी बहन निर्दोष चौधरी के अनुसार घर में तीनों बहनों के लगभग 15 तोले के गहने अलमारी में रखे हुए थे।
नरोत्तम ने बताया कि घर के पिछली तरफ से चोरों ने नल को पाइप सहित उखाड़कर लकड़ी के दरवाजे को ताले सहित तोड़कर घर के अंदर रखी अलमारी को उठाया। इसी अलमारी गहनों को रखा था। डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। इस मामले में आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
क्या -क्या ले गए चोर
इनमें दो सोने की चेन, एक सेट गले का, 11 अंगूठियां, पांच जोड़ी टॉप्स, दो जोड़ी झुमके, एक नथ व एक माथे का टीका और 3800 रुपये नकद चोरी हुए।