काठगढ़ में चिट्टे के साथ एक गिरफ्तार
इंदौरा (कांगड़ा)। पुलिस थाना इंदौरा के तहत शनिवार दोपहर गश्त के दौरान काठगढ़ के साथ लगते गांव टिब्बी में एक युवक को 2.08 ग्राम चिट्टे सहित पकड़ा है। शनिवार दोपहर इंदौरा थाना के सब इंस्पेक्टर रंजीत सिंह पुलिस पार्टी सहित काठगढ़ से टिब्बी रोड पर गश्त कर रहे थे। जब पुलिस की टीम गश्त करती टिब्बी के पास पहुंची, तो रास्ते के किनारे आम के बगीचे में एक व्यक्ति छुपकर बैठा था। जैसे ही उसकी नजर पुलिस पर पड़ी, तो वह हाथ में पकड़ी किसी चीज को जमीन पर फेंककर बगीचे में भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस को उसकी हरकतों पर शक हुआ। पुलिस ने जब उसे पकड़ा, तो फेंकी गई चीज की जांच करने पर उससे 2.08 ग्राम चिट्टा और एक सिरींज बरामद हुई। पुलिस थाना इंदौरा के प्रभारी सुरिंद्र सिंह धीमान ने बताया कि आरोपी की पहचान दलजीत सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी किसाना डाकघर चक्क शरीफ जिला गुरदासपुर के रूप में हुई है। उधर, डीएसपी नूरपुर डॉ. साहिल अरोड़ा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।