उद्योग के क्वार्टर में मिला मजदूर का शव
बिहार के कमलापुरा गांव के रूप में हुई मृतक की पहचान
अमर उजाला ब्यूरो
ठाकुरद्वारा (कांगड़ा)। इंदौरा उपमंडल के मोहटली रैंप पर स्थित एक उद्योग के क्वार्टर में मजदूर का शव बरामद हुआ है। मजदूर की पहचान प्रफुल्ल पासवान (24) पुत्र मोहित लाल पासवान निवासी कमलापुरा (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक का शव सोने की अवस्था में बरामद हुआ। इसकी तत्काल सूचना डमटाल पुलिस चौकी में दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया। मजदूर करीब तीन माह से उद्योग में काम करता था। प्रारंभिक जांच में मजदूर की मौत साइलेंट अटैक से हुई बताई जा रही है। उधर, डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।