द्रम्मण में दुकानों और रेहड़ी से सामान और नकदी चोरी
शाहपुर (कांगड़ा)। उपमंडल शाहपुर के द्रम्मण कस्बे में वीरवार देर रात चोरों ने तीन दुकानों में चोरी की है। चोर एक दुकान में लोहे की बड़ी रॉड और तीन कटर भी छोड़ गए हैं। जानकारी के अनुसार कमल किशोर उर्फ फन्नी की खोखे के फट्टे तोड़ चोर दुकान से चॉकलेट, बिस्कुट, सिगरेट और अन्य सामान सहित गल्ले में रखी नकदी ले गए हैं। कमल कुमार का लगभग 10 हजार रुपये तक का सामान चोरी होने का अनुमान लगया जा रहा है। वहीं, रमण कुमार की रेहड़ी से भी करीब चार हजार का समान चोरी हुआ। रेहड़ी को तिरपाल से बांधा होता है, जिस कारण चोरों ने बड़े आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सोनू राणा की दुकान में भी सेंधमारी का प्रयास किया है, लेकिन वहां उन्हें कामयाबी नहीं मिल पाई। द्रम्मण बाजार में एक साथ तीन दुकानों में हुई सेंधमारी ने लोगों खासकर दुकानदारों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। उधर, थाना प्रभारी शाहपुर गंभीर चंद ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।