अमर उजाला ब्यूरो
इंदौरा (कांगड़ा)। पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के मीलवां रेलवे ट्रैक पर सोमवार को एक बाजू और टांग कटा शव बरामद हुआ है। पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के मुख्य आरक्षी राजेश कुमार ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर स्थित व्यास कैबिन के कर्मचारियों ने सुबह शव के रेलवे ट्रैक पर पड़े होने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर इसकी सूचना रेलवे पुलिस चौकी कंदरोड़ी को दी।
मौके पर रेलवे पुलिस चौकी के इंचार्ज मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार हादसा आठ और नौ अक्तूबर मध्य रात्रि के बीच हुआ लगता है। मृतक व्यक्ति की जेब से कोई भी कागजात नहीं मिले हैं। इस वजह से शव की पहचान नहीं हो सकी है। शव की बाई टांग और बाजू नहीं है। व्यक्ति ने भूरे रंग का पायजामा, कुर्ता और अंदर लाल रंग की निक्कर डाली हुई है। पेट पर दो काले रंग के तिल के निशान हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेजा गया है। 72 घंटों तक पहचान के लिए शव गृह नूरपुर में रखा जाएगा। एसपी रमेश छाजटा ने हादसे की पुष्टि की है।