कटड़ा में मिला कंडवाल मंदिर से चोरी हुआ झूला
2017 में नागनी मेलों के दौरान हुआ था चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
कंडवाल (कांगड़ा)। नूरपुर पुलिस ने कंडवाल मंदिर से चोरी हुआ झूला कटड़ा में बरामद किया है। यह झूला 2017 में नागनी माता के मेलों के दौरान लगाया गया था और वहां से चोरी हो गया था। इस चोरी हुए झूले को नूरपुर पुलिस ने 14 मई को बरामद किया और इसे नूरपुर पहुंचाया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने बताया कि बलबिंद्र सिंह निवासी अमृतसर ने चौकी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसने 2017 में कंडवाल नागनी माता मंदिर में मेलों के दौरान झूला लगाया हुआ था, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये थी। इसी दौरान पंजाब पुलिस ने उसे एक मुकदमे के तहत गिरफ्तार कर लिया था, इस पर उसे सजा भुगतने के लिए जेल भेज दिया गया। वहीं, नागनी माता मंदिर में मेले खत्म होने के बाद उसके लड़के ने झूला खोलकर नागनी माता मंदिर के परिसर में रखवा दिया था। जब वह जेल से छूट कर वापस आया तो उसने अपने झूले को वहां पर नहीं पाया। इसके बाद उसने तहकीकात करने पर पाया था कि भारत साहनी निवासी लुधियाना ने इस झूले को अपने कब्जे में ले लिया था। फिर उससे पूछताछ करने पर पता चला कि उसने वह झूला आगे जागीर सिंह निवासी लुधियाना को बेच दिया था, जो कि मौजूदा समय में कटड़ा में लगा हुआ था। पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कटड़ा से झूला बरामद कर कंडवाल में पहुंचाया। डीएसपी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।