छात्रा से छेड़छाड़ पर बीच बाजार युवकों की छित्तर परेड
नगरोटा बगवां बाजार में हंगामा, पीट-पीट कर पहुंचाए थाने
माहौल तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने बंद करवाई दुकान
अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां बाजार में शुक्रवार को माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब नाबालिग छात्रा पर फब्तियां कसने के आरोप में स्थानीय लोगों ने दुकानदार युवकों की धुनाई कर उन्हें पुलिस थाने पहुंचाया। लोगों का आरोप है कि ये युवक लंबे समय पर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और फब्तियां कसते थे। छात्रा ने आपबीती अपने घर वालों को बताई। इस पर कुछ स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को युवकों की दुकान पर आकर उनकी धुनाई की और उन्हें थाने पहुंचाया। मामले का पता लगते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ थाना परिसर में इकट्ठी हो गई। बाहरी राज्यों से यहां व्यापार कर रहे एक विशेष संप्रदाय के लोगों की गतिविधियों की जांच कर उन्हें यहां से वापस उनके राज्य में भेजने की मांग की।
बाजार में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए नगरोटा बगवां थाना के प्रभारी सुरिंद्र ठाकुर की अगुआई में पुलिस ने नगर के मुख्य बाजार में कुछ दुकानदारों की दुकानों को सुरक्षा की दृष्टि से स्वयं बंद कराया। पीड़ित छात्रा की शिकायत के आधार पर उत्तर प्रदेश के यहां व्यापार कर रहे तीन युवकों के खिलाफ पोक्सो एक्ट और विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
विहिप ने उठाई जांच की मांग
विश्व हिंदू परिषद के जिला संगठन मंत्री साहिल वालिया ने नगरोटा बगवां बाजार में हुई इस दुर्घटना पर लव जिहाद की आशंका जाहिर की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इन बाहरी तत्वों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आ रही थीं। यह जांच का मामला है कि इन लोगों के पास भारी धनराशि कहां से आ रही है। मार्केट में मंदी के इस दौर में यह लोग दुकानों का भारी भरकम किराया कहां से अदा कर रहे हैं। वहीं, पढ़ाई करने की इस 16 से 22 साल की आयु में यह युवक व्यापार करने की आड़ में लव जिहाद जैसी हरकतों पर उतर आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित चाल के तहत हो रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए।