किराया न देने पर मकान मालिक ने पीटे किरायेदार
दाड़नू की घटना; 5 लोग हुए घायल, एक टांडा रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला मुख्यालय के साथ लगते दाड़नू में एक मकान मालिक ने अपने किरायेदारों को की बेरहमी से पिटाई कर दी। किरायेदारों का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने समय पर किराया नहीं दिया था। इसी के चलते मकान मालिक ने उन पर डंडों और हॉकी से हमला कर घायल कर दिया। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर किया गया है।
वहीं, इस संदर्भ में पीड़ित किरायेदारों ने पुलिस थाना धर्मशाला में मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है। पुलिस में दी शिकायत में पंजाब निवासी किरायेदारों गुलशन, उपेंद्र, रोनी और बलदेव ने बताया कि वे दाड़नू में शटरिंग का कार्य कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक मकान में कमरा किराये पर लिया था। वे कमरे का किराया देने में कुछ लेट हो गए। इस पर मकान मालिक ने उनके साथ हॉकी और डंडों से मारपीट की, जिसके चलते उन्हें काफी चोटें आई हैं। वहीं, इन घायलों में रोनी को प्राथमिक उपचार के बाद राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा रैफर किया गया है। पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।