मथुरा में पकड़ी चिंतपूर्णी से चुराई गाड़ी
चिंतपूर्णी में नशीला पदार्थ खिलाकर फरार हुआ था आरोपी
धर्मशाला। जिला पुलिस ने 23 जुलाई को चिंतपूर्णी पार्किंग से चुराई गई गाड़ी को मथुरा से बरामद कर लिया है। इस दौरान पुलिस ने आरोपी को भी धर दबोचा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांगड़ा संतोष पटियाल ने बताया कि इस संदर्भ में पुलिस थाना देहरा में मामला दर्ज था। इस गाड़ी को आरोपी लुधियाना से किराये पर लेकर चिंतपूर्णी आया था। इस दौरान चालक को चिंतपूर्णी में कोई नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने के बाद गाड़ी को लेकर फरार हो गया था। इस मामले में आरोपी ईशर आरोड़ा (54) पुत्र देस राज अरोड़ा निवासी आठ प्रेम कांप्लेक्स चंदन वन मथुरा को छह अगस्त को मथुरा से गिरफ्तार किया था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे तीन दिन का रिमांड मिला है, जो नौ अगस्त को खत्म होगा। उन्होंने बताया कि आरोपी को वीरवार को दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा।