पति पर जड़ा दहेज के लिए मारपीट करने का आरोप
महिला पुलिस थाना धर्मशाला में जवाली क्षेत्र की महिला ने दर्ज करवाया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला/ज्वाली (कांगड़ा)। महिला पुलिस थाना धर्मशाला में जवाली क्षेत्र की एक नवविवाहित महिला ने अपने पति पर मारपीट व दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज करवाया है। महिला के अनुसार अभी तक उनकी शादी को हुए एक साल भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन उसका पति उसे अपने मायके से दहेज लाने के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहा है। साथ ही वह इस दौरान मारपीट करने से भी गुरेज नहीं करता है। जानकारी के अनुसार महिला पुलिस थाना धर्मशाला में रीनू देवी निवासी पपलाह ने अपने पति सुरिंद्र सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। रीनू के अनुसार उसकी शादी 20 अप्रैल, 2018 को हुई थी। इसके कुछ माह बाद ही उसके पति ने उसे मायके से दहेज और पैसे लाने की मांग शुरू कर दी। वहीं दहेज व पैसे न लाने पर वह उसके साथ लगातार मारपीट करता था। शिकायतकर्ता ने बताया कि वीरवार को उसके पति उसके साथ मारपीट की। रोज-रोज की मारपीट और प्रताड़ना से तंग आकर उसने महिला पुलिस थाना धर्मशाला में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी कांगड़ा दिनेश कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इससे पहले महिला ने जवाली पुलिस थाना में भी अपने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई है।