अमर उजाला ब्यूरो
डमटाल (कांगड़ा)। डमटाल में कवाड़ इकट्ठा करने वाले व्यक्ति का संदिग्ध हालात में शव मिला है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके पर जाकर हत्या का मामला दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार डमटाल पुलिस चौकी को सूचना मिली कि एनएच के किनारे झाड़ियों में वीरान जगह पर बने कमरे में एक शव पड़ा हुआ है। इस पर डमटाल पुलिस चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार ने थाना इंदौरा के प्रभारी को सूचित किया। उसके बाद पुलिस टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और देखा की एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति का शव वीरान जगह पर बने कमरे में पड़ा हुआ है। शव के मुंह और सर पर गहरी चोटें लगी हुई थी। शव के आसपास की जगह पर खून बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना मिलने पर नूरपुर के डीएसपी नवदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से ही धर्मशाला फोरेंसिक टीम को सूचित किया और फोरेंसिक टीम भी डमटाल में पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया है। उधर, डीएसपी नूरपुर नवदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि शव पड़ा हुआ है। प्रारंभिक जांच के दौरान मामला हत्या का लग रहा है मृतक के चेहरे पर चोट के निशान है और खून बह रहा था। इस पर पुलिस ने तुरंत हरकत में आकर मृतक के साथ रहने वाले एक अन्य व्यक्ति को शक के आधार पर गिरफ्तार किया है। उससे पुलिस पूछताछ कर रही है। फिलहाल डमटाल पुलिस चौकी में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया और फोरेंसिक टीम तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है।
साथी से झगड़े की आशंका
मृतक डमटाल में कूड़ा कचरा इकट्ठा करता था, जो अपने एक अन्य साथी के साथ डमटाल में वीरान जगह पर रहता था। बताया जा रहा है कि दोनों नशे के आदी थे। ऐसा लग रहा है की नशे की हालत में दोनों का आपस में झगड़ा हुआ है । इस कारण मृतक को गहरी चोटें आईं । इस कारण ही उसकी मौत हो गई है।