देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। सुनहेत के पास फेरा इलाके में ब्यास नदी में डूबे दूसरे लड़के का शव भी एनडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया है। मंगलवार दोपहर दो बजे गोताखोरों ने करीब 40 फीट गहराई से कठियाड़ा के रहने वाले 16 साल के अंशुल का शव खोज निकाला। शव चट्टानों में फंसा था। इसी जगह से सोमवार दोपहर गरली के आयुष का शव मिला था। दोनों शनिवार से लापता थे। नदी किनारे कपड़े व अन्य सामान मिलने के बाद आशंका जताई जा रही थी कि दोनों डूब गए हैं। स्थानीय पुलिस और जसूर से आई 14 सदस्यीय एनडीआरएफ की टीम उनकी तलाश कर रही थी। डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि दूसरे लड़के का शव भी बरामद कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।