धर्मशाला। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिला में संचालित वन स्टॉप सेंटर के दिन-रात कार्य करने से महिलाओं को राहत मिल रही है। हाल ही में पालमपुर क्षेत्र से रात करीब दो बजे एक मामला सामने आया जिसमें महिला ने पति पर शराब पीकर पीटने की शिकायत दर्ज की थी। सूचना मिलने पर वन स्टॉप सेंटर में रात्रि ड्यूटी पर मौजूद सखी ने रात में ही महिला और पति की काउंसलिंग की। वन स्टॉप सेंटर की इस पहल से पीड़ित को मानसिक राहत मिली और मामले के समाधान की दिशा में आवश्यक सहायता प्रदान की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग के डीपीओ अशोक कुमार ने बताया कि वन स्टॉप सेंटर की 24 घंटे उपलब्ध सेवाओं के कारण संकट की स्थिति में महिलाओं को तुरंत मदद मिल रही है जिससे वे स्वयं को सुरक्षित और समर्थ महसूस कर रही हैं।