धर्मशाला। प्रदेश को आर्थिक तबाही की ओर धकेलने वाली कांग्रेस सरकार अब अपनी नाकामी का ठीकरा केंद्र सरकार पर फोड़ रही है। यह बात पूर्व मंत्री एवं धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने मंगलवार को प्रेस बयान में कही। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को कर्ज, घाटे और अव्यवस्था के दलदल में धकेल दिया है और अब अपनी पूरी नाकामी छिपाने के लिए 16वें वित्त आयोग और केंद्र सरकार पर झूठे और भ्रामक आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को यह स्पष्ट रूप से समझ लेना चाहिए कि राजस्व घाटा अनुदान कोई भीख नहीं था और न ही स्थायी व्यवस्था। यह 15वें वित्त आयोग की ओर से किया गया अस्थायी सहारा था, जिससे राज्य सरकारें अपनी वित्तीय हालत सुधार सकें। कांग्रेस सरकार ने इस अवसर को लूट, फिजूलखर्ची और तुष्टिकरण में बर्बाद कर दिया। सुधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में प्रदेश का राजस्व घाटा बेकाबू हो गया। कर्ज ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ चुका है और विकास योजनाएं पूरी तरह ठप पड़ी हैं। यह सब कांग्रेस सरकार की अयोग्यता और प्रशासनिक विफलता का सीधा परिणाम है। पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता को यह नहीं बताती कि 16वें वित्त आयोग की नई व्यवस्था में हिमाचल प्रदेश की केंद्रीय करों में हिस्सेदारी बढ़ी है। अगर फिर भी सरकार के पास वेतन, पेंशन और विकास के लिए पैसा नहीं है, तो इसका सीधा अर्थ है कि सरकार चलाने वालों को वित्त प्रबंधन की समझ ही नहीं है। ब्यूरो