धर्मशाला। जिले भर में शुक्रवार को मैदानी क्षेत्र में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी रहा। दिन में बारिश और शीतलहर से ठंड बढ़ गई और लोग गर्म कपड़ों में दिखे। वहीं, रात को अंधड़ ने लोगों और वाहन चालकों को खूब परेशान किया। वहीं, बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, धौलाधार की पहाड़ियों पर बर्फबारी भी हुई।
मौसम विभाग की शनिवार को भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिले में पिछले कई दिनों से दोपहर को तेज धूप हो रही थी, जिससे मौसम में गर्माहट देखने को मिली है। कुछ लोगों ने स्वेटर और जैकेट तक उतार दी थी, लेकिन अब फिर से मौसम खराब होने के चलते लोगों ने ऊनी वस्त्र और जैकेट्स आदि फिर से निकाल लिए हैं। वहीं, बारिश के कारण किसान-बागवान भी खुश हैं। क्योंकि फसलों के लिए यह बारिश बहुत फायदेमंद है। किसानों स्वरूप चंद, प्रदीप कुमार, अनिरुद्ध सिंह और परमजीत सिंह ने बताया कि गेहूं के लिए बारिश बहुत फायदेमंद है।