धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला के समीप बड़ोल में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय युवक को 575.01 ग्राम चरस और 27 हजार रुपये नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी लक्ष्य इंदौरा वार्ड-7 का निवासी बताया जा रहा है, जो बड़ोल में अपने एक दोस्त के किराये के क्वार्टर में ठहरा हुआ था। गुप्त सूचना पर पुलिस की विशेष टीम ने सोमवार देर रात कमरे में दबिश दी। टीम को जानकारी मिली थी कि आरोपी धर्मशाला क्षेत्र में नशे की बड़ी खेप लेकर आया है और लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त है। मौके से बरामद चरस और नकदी के आधार पर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज किया गया है। एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। संवाद