पालमपुर (कांगड़ा)। भवारना में एक बाहरी व्यक्ति के नाम फर्जी कृषक प्रमाण पत्र के सहारे हुए जमीन की रजिस्ट्री का मामला पुलिस के पास पहुंच गया है। तहसीलदार पालमपुर ने एक व्यक्ति के खिलाफ यह मामला पुलिस में दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार पिछले दिनों भवारना उप तहसील में एक विशेष समुदाय के बाहरी व्यक्ति के नाम जमीन की रजिस्ट्री हुई थी। इसमें कृषक प्रमाण पत्र फर्जी लगाया गया था। इसमें कृषक प्रमाण पत्र में जमीन के मालिक ने किसी दूसरे व्यक्ति को ही अपना पिता दिखा दिया था। जिसका कारण यह था कि उसके पिता और दूसरे व्यक्ति का नाम एक ही था।
जिसे बिना जांचे पटवारी ने भी यह प्रमाण पत्र इस व्यक्ति को दे दिया। इस बात का पता चलते ही अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने इस मामले की जांच शुरू कर दी थी। मामले की सारी रिपोर्ट लैंड रिफार्म एंड टेनेंसी एक्ट की धारा 118 के तहत तैयार कर जिला उपायुक्त को भेज दी थी, लेकिन अभी तक इस रजिस्ट्री में कृषक प्रमाण पत्र में बनाने की हुई हेराफेरी में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था। अब तहसीलदार पालमपुर ने जिस व्यक्ति ने यह जमीन की रजिस्ट्री करवाई थी, उस व्यक्ति दानिश के खिलाफ पालमपुर पुलिस में शिकायत कर दी है।
जमीन की रजिस्ट्री में बने कृषक प्रमाण पत्र के मामले में इसकी शिकायत थाना पुलिस में कर दी गई है। पुलिस को दी गए शिकायत पत्र में दानिश के खिलाफ मामला दिया है। इसमें कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
साजन बग्गा, तहसीलदार पालमपुर
पालमपुर पुलिस के पास शिकायत आ गई है। अब पुलिस इस पर अपनी जांच शुरू करेगी। जांच के बाद ही इसमें आगे कुछ कहा जा सकता है।
भूपेंद्र सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी पालमपुर