जवाली (कांगड़ा)। जवाली क्षेत्र की एक पाठशाला में कार्यरत टीजीटी शिक्षक की ओर से छात्रा को थप्पड़ मारने का मामला प्रकाश में आया है। शिक्षक पर आरोप लगे हैं कि छठी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा को उसने क्लास में थप्पड़ मारा और गालियां निकालीं। इसके बारे में छात्रा ने घर पहुंच कर परिजनों को बताया। परिजनों ने इस संदर्भ में निदेशक शिक्षा विभाग, उपनिदेशक शिक्षा विभाग को ऑनलाइन शिकायत की और बाद में इसकी शिकायत चाइल्ड हेल्पलाइन में की गई।
शिकायत मिलने के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने पुलिस थाना जवाली को आगामी कार्रवाई हेतु शिकायत भेजी। जिस पर पुलिस ने बच्ची और परिजनों के बयान कलमबद्ध किए हैं। बयान में बच्ची ने बताया कि उक्त टीजीटी अकसर ही अभद्र भाषा का प्रयोग करता है और गाली-गलौज करता है। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल करवाया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
एसपी नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि स्कूल के टीजीटी की ओर से छठी कक्षा की छात्रा को थप्पड़ मारने की शिकायत आई है। जिस पर पुलिस ने टीजीटी के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, स्कूल प्रबंधन समिति ने इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग उठाई है। कमेटी के मुताबिक उक्त टीजीटी ने पहले डेढ़ साल तक बच्चों को पढ़ाया नहीं, जिसकी कमेटी ने पहले भी शिकायत की थी, लेकिन शिक्षा विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। इन पर शिक्षा विभाग को भी संज्ञान लेना चाहिए।