ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी-सपड़ी मार्ग पर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकरा गई। हादसा बोहन चौक के पास एक निजी अस्पताल के नजदीक पेश आया। कार में सवार तीन लोगों में से एक महिला घायल हो गई, जबकि कार चालक और उसकी बेटी बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक ने अचानक सामने आए दूसरे वाहन को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का टायर फट गया और गाड़ी सड़क किनारे के घूम गई। यह कार सुरानी निवासी की थी जो अपनी पत्नी और बेटी के साथ ज्वालामुखी किसी काम से आए थे। इसी दौरान यह हादसा घटित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही ज्वालामुखी ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंच गई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। हालांकि, वाहन मालिक ने थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। संवाद