ज्वालामुखी (कांगड़ा)। खुंडियां खंड के लगड़ू मंडल स्थित संकटमोचन मंदिर खोरड़ा में संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संघ के जिला धर्म जागरण प्रमुख संतोष शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिल (गायत्री परिवार) ने की। विशेष अतिथियों में शौर्य चक्र विजेता अशोक राणा और बलदेव सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा के शोधार्थी शिवा ने हिंदुत्व के गौरवमयी इतिहास एवं उसकी विशिष्टताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में चल रहे धर्मांतरण के प्रयासों पर कड़ा प्रहार करते हुए समाज को सजग और संगठित रहने का आह्वान किया। वक्ताओं ने संघ के शताब्दी वर्ष को आत्मचिंतन, सांस्कृतिक जागरण और सामाजिक एकता का वर्ष बताते हुए हिंदू समाज को अपनी परंपराओं, मूल्यों और संस्कृति के संरक्षण के लिए एकजुट होने का संदेश दिया।