पिछले पांच वर्ष के लिए फिनिशिंग की बाट जोह रहा पंचायत समिति भवन नगरोटा सूरियां
बरियाल (कांगड़ा)। नगरोटा सूरियां ब्लॉक समिति भवन पांच साल बाद भी अधूरा है। इस भवन को बनाने के लिए तत्कालीन विधायक अर्जुन ठाकुर ने विधायक निधि से राशि उपलब्ध करवाई थी लेकिन बजट होने के बावजूद भवन में प्लस्तर और खिड़की दरवाजे नहीं लग पाए। इस कारण पंचायत समिति को अपनी बैठक सामुदायिक भवन में करनी पड़ रही है। पंचायत समिति अध्यक्ष धीरज अत्री ने कहा कि भवन का निर्माण हो चुका है। बजट भी उपलब्ध है, लेकिन कार्य को पूरा क्यों नहीं किया जा रहा, इसकी जानकारी खण्ड विकास अधिकारी ही दे सकते हैं। उधर, नगरोटा सूरियां खंड विकास अधिकारी मनोज शर्मा ने कहा कि उन्होंने अभी मुख्यालय का कार्यभार संभाला है। जल्द ही स्थिति का जायजा लेकर निर्माण कार्य पूरा कर भवन पंचायत समिति को सौंप दिया जाएगा।