मील का पत्थर साबित होगा भारतनेट प्रोजेक्ट : गुप्ता
अपर महानिदेशक ने पंचायत प्रतिनिधियों से किया संवाद
बोले, कांगड़ा एवं चंबा में फाइबर प्रणाली से जुड़ेंगी 1123 पंचायतें
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। भारत सरकार का भारतनेट प्रोजेक्ट ग्रामीण भारत में न केवल डिजिटल खाई को पाटने का काम करेगा, बल्कि ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में सुदृढ़ दूरसंचार व्यवस्था स्थापित करने में एक मील का पत्थर साबित होगा। यह बात सोमवार को दूरसंचार विभाग के अपर महानिदेशक अनिल कुमार गुप्ता ने परागपुर ब्लॉक में पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भारतनेट प्रोजेक्ट फाइबर से सुसज्जित आधुनिक प्रणाली के माध्यम से प्रदेश की सभी पंचायतों को जोड़ने का काम कर रहा है। इससे भविष्य में शहरी क्षेत्रों सहित दूरदराज क्षेत्रों में भी सुदृढ़ दूरसंचार नेटवर्क की स्थापना होगी। उन्होंने कहा कि धर्मशाला वाणिज्य क्षेत्र के अंतर्गत जिला कांगड़ा एवं चंबा के दुर्गम क्षेत्रों को भी इस प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है। संशोधित भारतनेट परियोजना के तहत कांगड़ा और चंबा की कुल 1123 ग्राम पंचायतों को जोड़ा जाना है। इस अवसर पर वरिष्ठ महाप्रबंधक बीएसएनएल धर्मशाला विपिन कुमार मौर्या ने भी धर्मशाला वाणिज्य क्षेत्र में भारतनेट प्रोजेक्ट के अंतर्गत कार्य की प्रगति एवं अन्य बिंदुओं पर चर्चा करते हुए अपर महानिदेशक (दूरसंचार) को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि धर्मशाला वाणिज्य क्षेत्र के अंतर्गत 4 जी के 100 टावर स्थापित किए जा चुके हैं। चाैथे चरण में 29 अतिरिक्त टावर प्रस्तावित हैं।