नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। जवाली उपमंडल में अंडर-19 लड़कों की जोन स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता नगरोटा सूरियां में चल रही है। इसके तीसरे दिन कुश्ती के 83 किलोग्राम भार में बरियाल स्कूल के अभिनव धीमान ने मैरा स्कूल के अमीर खान को पटकनी देकर गोल्ड मेडल जीत लिया है। कोच हरीश कुमार और शिवनंदन धीमान ने अभिनव को इस जीत के लिए बधाई दी।
वहीं, वॉलीबाल में बलदोआ टीम ने दो मैच जीत कर क्वार्टर फाइनल में जगह तो बना ली, लेकिन रविवार को चलवाड़ा स्कूल से मात्र एक प्वाइंट से शिकस्त हासिल कर सेमी फाइनल से चूक गई। वॉलीबाल का सेमीफाइनल मुकाबला चलवाड़ा स्कूल व हरसर स्कूल की टीमों के बीच हुआ। इसमें हरसर की टीम जीत हासिल कर फाइनल में पहुंच गई। कबड्डी में कोटला स्कूल को हराकर नगरोटा सूरियां स्कूल की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। जोनल स्तरीय खेल मुकाबले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नगरोटा सूरियां में करवाए जा रहे हैं। सोमवार को खेल प्रतियोगिताओं का समापन होगा।