लंबागांव (कांगड़ा)। लंबागांव विकास खंड की टंबर पंचायत की प्रधान नेहा वर्मा पर सोमवार सुबह पंचायतघर में किसी अज्ञात व्यक्ति ने हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गईं। नेहा वर्मा ने बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे पंचायतघर में थीं। पंचायतघर में न तो चौकीदार आया था और न ही कोई अन्य व्यक्ति था। आसपास की दुकानें भी बंद थीं। प्रधान ने बताया कि सोमवार को एक बैठक में भाग लेना था और एक व्यक्ति की रिपोर्ट बनाकर पंचायतघर से चले जाना था। प्रधान ने बताया कि एअर फोन लगाया हुआ था और दरवाजे की तरफ पीठ करके खड़ी थी कि अचानक किसी ने सिर व गर्दन पर किसी नुकीली चीज से वार कर दिया। बालों से खींचकर नीचे गिरा दिया। नीचे गिरते ही अचेत हो गईं और हमलावर को नहीं देख पाईं। प्रधान ने बताया कि थोड़ी देर बाद पंचायत का एक व्यक्ति काम के सिलसिले में पंचायतघर आया तो अचेत देकर शोर मचाया। आसपास के लोग एकत्रित हो गए। लोगों जयसिंहपुर अस्पताल ले आए। हमले की जानकारी लंबागांव पुलिस को दी। पुलिस ने प्रधान नेहा का मेडिकल करवाकर ब्यान दर्ज किए। उधर, डीएसपी बैजनाथ ने बताया कि लंबागांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।