देहरा में लोगों की समस्याएं सुनते हुए विधायक कमलेश ठाकुर।
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा में विधायक कमलेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री शगुन योजना और बेटी है अनमोल योजना के लाभार्थियों सहित आपदा प्रभावित परिवारों को लगभग 91 लाख रुपये के चेक वितरित किए। वीरवार को बचत भवन यह कार्यक्रम हुआ। उन्होंने पिछले वर्ष आई आपदा के दौरान हरिपुर तहसील के अंतर्गत जिन लोगों के मकान पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए थे, ऐसे 71 परिवारों को लगभग 75 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक भेंट किए। इसके अलावा कमलेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत 33 लाभार्थियों को 10.23 लाख रुपये और बेटी है अनमोल योजना के तहत 34 पात्र लाभार्थियों को 5.70 लाख रुपये के चेक बांटे।
इससे पहले कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास की ओर से पोषण माह के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इसके उपरांत विधायक ने लोगों की समस्याओं को सुनते हुए अधिकतम का मौके पर निपटारा किया और शेष के समयबद्ध निवारण के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में देहरा प्रदेश में सबसे तेज गति से विकसित होने वाले विधानसभा क्षेत्रों में शामिल होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार देहरा के विकास के लिए विशेष योजना बनाई गई है। देहरा में नए कार्यालयों के भवनों सहित सड़क, बिजली और पानी की व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार करने की मंशा से सरकार कार्य कर रही है। इसके लिए पूरा खाका तैयार कर लिया गया है और विभागों के इसके अनुसार आगे बढ़ने के निर्देश भी दे दिए गए हैं।