पालमपुर (कांगड़ा)। मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल ने सोमवार को राष्ट्रीय अश्वगंधा अभियान के तहत ग्राम पंचायत पढियारखर के नीलकंठ में अश्वगंधा का पौधा रोपित किया और 50 पौधे वितरित किए। उन्होंने कहा कि अश्वगंधा बहुत उपयोगी असंख्य औषधीय गुणों से परिपूर्ण पौधा है। इसके महत्व और उपयोगिता को देखते हुए राष्ट्रीय अश्वगंधा अभियान को मिशन के रूप में अपनाने की जरूरत पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में 20 हजार अश्वगंधा पौधे वितरित किए जाने का लक्ष्य है। यह पौधा शोयहर, एंटी ट्यूमर, जीवाणुरोधी, फुंफूदनाशी, कृमिनाशक,एं ठनरोधी, तनावरोधक और रोग-प्रतिरोधक क्षमता वर्धक होता है। उन्होंने आयुष विभाग को भी बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह एक बेहतर पहल है जिसके तहत लोगों को अश्वगंधा के पौधे वितरित किए जा रहे हैं। पिछले डेढ़ वर्षो से विधानसभा क्षेत्र पालमपुर में प्रतिबद्धता के साथ विकासात्मक कार्यों को पूर्ण किया जा रहा है। विकासात्मक कार्यों में जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ लोगों की जन सहभागिता भी बहुत जरूरी है।
उन्होंने पढियारखर क्षेत्र में किया जा रहे विकासात्मक कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि 9.62 करोड़ रुपये की लागत से रामपुर-रजेहड़-सारसावा वाया कपेण संपर्क सड़क मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पंचायत पढियारखर में पंचायत लर्निंग सेंटर की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष त्रिलोक चंद, प्रधान कंचन देवी, उपप्रधान शिव कुमार, पूर्व प्रधान ओंकार ठाकुर, जगदीश गनोत्रा, करतार चंद, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. हरीश भारद्वाज, उपमंडल आयुर्वेद अधिकारी डॉ. तनुजा नागपाल, आयुर्वेद और अन्य विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।