नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन खंड नगरोटा सूरियां की मासिक बैठक रविवार को हुई। इस अवसर पर एसोसिएशन के ब्लॉक नगरोटा सूरियां के वरिष्ठ उपाध्यक्ष करतार सिंह ने सरकार से अनुरोध किया कि सभी आयु वर्ग के पेंशनरों के शेष एरियर का एकमुश्त भुगतान किया जाए और महंगाई भत्ते और अन्य देनदारियों काे भी शीघ्र दिया जाए। उन्होंने चेताया कि पूर्व की जयराम सरकार ने भी पेंशनरों के साथ धोखा किया है और वर्तमान सरकार ने देय भत्ते 15 सितंबर तक जारी नहीं किए तो पेंशनर सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर कर आंदोलन शुरू कर देंगे और अदालत में जाने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
एसोसिएशन ने सरकार को चेताया है कि यदि विकास खंड मुख्यालय को नगरोटा सूरियां से अन्यत्र स्थानांतरित किया तो जन समर्थन जुटाकर सरकार के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। करतार सिंह ने बताया कि बैठक में इस आशय का प्रस्ताव पारित किया गया है और सरकार को भेजा जाएगा। इस अवसर पर धर्म चंद, सुभाष चंद, राजिंदर कुमार धीमान और कुलदीप सिंह चार सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण की।
बैठक में सेवानिवृत्त कॉलेज प्राचार्य डॉ. एचएल धीमान, मुख्य सलाहकार शमशेर सिंह जग्गी, शोभा सिंह सैनी, गुरपाल सिंह शास्त्री, प्रवीण मेहरा, कवि पूर्ण चंद, सुरजीत सिंह, पवन तलवार, सुदर्शन कुमार, तिलक राज, विजय कुमार, किशोरी लाल, देश राज, बलविंद्र सिंह, जोगिंद्र सिंह और कुलदीप सिंह आदि पेंशनर उपस्थित रहे।