धर्मशाला। चुनाव आचार संहिता के कारण इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि योजना के आवेदन पर लगी रोक के कारण महिलाएं मंगलवार को भी आवेदन नहीं कर पाई। इसके कारण महिलाओं को काफी परेशानी हुई। धर्मशाला से रेणु, लता, बीना, रमा और सेजल ने बताया कि मंगलवार को भी फार्म न भरने पर उन्हें खाली हाथ मायूस लौटना पड़ा।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले बोनाफाइड बनाने के लिए तहसील के चक्कर काटे और अब फार्म भरने के लिए दो दिन लगातार तहसील के चक्कर काटे, लेकिन फार्म न भरे जाने से उन्हें काफी परेशानी हुई। उधर, तहसील कल्याण अधिकारी चमेली कपूर ने बताया कि आचार संहिता लगने के कारण इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि योजना के आवेदन मंगलवार को भी नहीं लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब अगली अधिसूचना के बाद में ही नए आवेदन लिए जाएंगे।