हरिपुर (कांगड़ा)। चंद्रधर गुलेरी राजकीय डिग्री महाविद्यालय हरिपुर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया एक जून से आरंभ होगी। महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. प्रभात कुमार शर्मा ने बताया कि बीए, बीकॉम और बीएससी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष में दाखिले के इच्छुक छात्र-छात्राएं 1 जून से 19 जून तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु पहली मेरिट सूची 20 जून को जबकि दूसरी मेरिट सूची 24 जून को जारी की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी अपने मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे ही पंजीकरण कर सकते हैं और कॉलेज का प्रोस्पेक्टस भी प्राप्त कर सकते हैं। प्राचार्य ने बताया कि नवागंतुक विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों से अवगत करवाने के उद्देश्य से 28 से 30 जून तक ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संवाद