पालमपुर (कांगड़ा)। शादी समारोह के आयोजक को अपने बोटी (रसोइये) का कोरोना टेस्ट न करवाना महंगा पड़ गया है। इसके चलते पालमपुर पुलिस ने पांच हजार रुपये का चालान काटा है। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पालमपुर पुलिस ने बंदला पंचायत में एक शादी समारोह में निरीक्षण के लिए दस्तक दी। इस दौरान वहां पर खाना बना रहे बोटी की जब निरीक्षण दल ने कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट देखनी चाही तो बोटी और समारोह आयोजक उसे नहीं दिखा पाए। इसके चलते पुलिस ने पांच हजार रुपये का चालान काटा। वहीं, पुष्टि करते हुए डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा ने बताया कि शादी समारोह के दौरान कोविड-19 के तहत जारी गाइडलाइंस की अवहेलना करने पर पुलिस ने चालान किया है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे कोविड-19 को लेकर जारी की गई गाइडलाइन के तहत ही समारोहों का आयोजन करें।