धर्मशाला। पुलिस थाना नगरोटा बगवां के तहत 1.06 किलोग्राम चरस के साथ पकड़े गए दो आरोपियों को न्यायालय ने 8 अक्तूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। शुक्रवार देर रात पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सुनेहड़ क्षेत्र में कार्रवाई की थी। टीम को सूचना मिली थी कि मनाली से पठानकोट रूट पर आ रही एक निजी बस में दो व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर यात्रा कर रहे हैं। पुलिस ने नगरोटा बगवां के सुनेहड़ पुल के पास बस को रोककर तलाशी ली और दोनों आरोपियों को चरस सहित गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरीश कुमार उर्फ बिट्टू निवासी गांव छतरोली डाकघर जसूर, जिला कांगड़ा और रॉकी निवासी गांव चकधरावखान डाकघर चनग्रां वार्ड-4 तहसील व जिला कठुआ के रूप में हुई है। डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। अब पुलिस रिमांड में नशे की सप्लाई चेन के बारे में पूछताछ की जाएगी।