सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
ढांगूपीर (कांगड़ा)। पुलिस थाना डमटाल के तहत पठानकोट-जालंधर हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्राले की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गरीब दास (50) पुत्र करतार सिंह निवासी गांव खरड़ मोहटली तहसील इंदौरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह बाइक सवार गरीब दास अपनी बाइक पर किसी काम के सिलसिले में मोहटली की तरफ जा रहा था। इसी दौरान डमटाल में पेट्रोल पंप के सामने बाइक सवार जालंधर की तरफ जा रहे ट्राले की चपेट में आ गया और बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक खेतीबाड़ी का काम करता था और अपने पीछे पत्नी के अलावा पांच बच्चे (दो लड़के और तीन लड़कियों) को छोड़ गया है। डमटाल पुलिस थाना प्रभारी हरीश गुलेरिया ने बताया कि ट्राले के चालक हरविंदर सिंह पुत्र कल्याण सिंह निवासी कठुआ (जेएंडके) को गिरफ्तार कर लिया गया है और डमटाल थाना में मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया गया है।