देहर खड्ड में ट्रैक्टर के साथ फंसे मजदूर। स्रोत:जागरूक पाठक
रैहन (कांगड़ा)। उपमंडल जवाली में भारी बारिश के चलते खड्डों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बावजूद इसके अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा। वीरवार सुबह मनपरी स्थान पर देहर खड्ड में खनन में जुटे ट्रैक्टर सहित पांच लोग फंस गए। चालक ने खड्ड से बाहर निकलने का हरसंभव प्रयास किया लेकिन पानी का तेज बहाव बाधा बन गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर पानी में डूब गया। मौके पर स्थानीय लोग एकत्रित हो गए और सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर चालक, परिचालक और तीन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि ट्रैक्टर पानी में ही फंसा रहा, जिसे बाद में जेसीबी मशीन की सहायता से बाहर निकाला गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते राहत कार्य न किया जाता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। उधर, एसडीएम जवाली नरेंद्र जरियाल ने कहा कि अवैध खनन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए हैं। अवैध खनन करते हुए पकड़े जाने पर चालान करने के लिए कहा गया है।