फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kangra News: टांडा मेडिकल कॉलेज पर सवालों की बौछार...गुस्साए पार्षद बोले मंदिरों में दर्शन हैं आसान, अस्पताल में पर्ची बनवाना मुश्किल

Thu, 14 Mar 2024 01:58 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कांगड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
धर्मशाला। प्रदेश के दूसरे बड़े मेडिकल कॉलेज टांडा में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक में खूब हंगामा रहा। इस दौरान पार्षदों ने यहां तक कह दिया कि मंदिरों में दर्शन करना आसान है और टांडा में पर्ची बनाना मुश्किल है। इसके बाद बैठक में यह फैसला लिया गया कि मेडिकल कॉलेज में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग के सचिव और प्रदेश सरकार को पत्र लिखा जाएगा, ताकि सूबे के पांच जिले के लोगों को यहां बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक शुरू होते ही सबसे पहले जिलेभर के अस्पतालों में चरमराई स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सदन में खूब तपिश देखी गई।
विज्ञापन

जिला पार्षद सदस्य रविंद्र कुमार ने कहा कि मंदिर में माथा टेकना आसान है, लेकिन टांडा अस्पताल में पर्ची बनाना और जीरो बिल कटवाना बेहद मुश्किल है। टांडा में एमआरआई, सिटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड के लिए मरीजों को महीनों इंतजार करना पड़ता है। टांडा में दवाइयों की वितरण व्यवस्था के मुद्दे को वह पिछली दो बैठकों से उठा रहे हैं। जिला परिषद की बैठक में पिछले तीन साल से टांडा अस्पताल से कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा है। इस पर जिला पंचायत अधिकारी ने कहा कि इस बारे में प्रदेश स्वास्थ्य सचिव और स्वास्थ्य निदेशक को लिखा जाएगा, जिससे कि बैठक में टांडा अस्पताल के प्रतिनिधि की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा जिला पार्षद सुरेष्ठा देवी ने पीएचसी कंडबाड़ी को आधुनिक बनाने की मांग की।
वहीं, जिला पार्षद जोगिंद्र सिंह पंकू ने सीएचसी तियारा में एक्स-रे की नई मशीन लगाने और अस्पताल परिसर में खराब पड़ी 40 एंबुलेंस को हटाने की मांग की। जिला परिषद सदस्य श्रेष्ठा देवी ने कहा कि पीएचसी पंचरुखी में डिजिटल एक्सरे मशीन लगाई जाए। इस पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि इसके लिए बजट नहीं है। जिला पार्षद सुरेंद्र कुमार ने चढ़ियार सिविल अस्पताल में आरकेएस के तहत रखे गए सफाई कर्मियों को दो साल से वेतन न मिलने, अस्पताल में विशेषज्ञ डाॅक्टर न होने और सफाई के लिए टेंडर न करने की बात सदन में रखी। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और एक्सरे मशीन की सुविधा तो हैं, लेकिन चलाने वाला कोई नहीं, ऐसे में गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को इन सेवाओं के लिए बैजनाथ या पालमपुर अस्पताल का रुख करना पड़ता है। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं एडीसी सौरभ जस्सल, जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़ सहित अन्य पार्षद और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन


गगल जोड़ा नाला में 50 दुर्घटनाएं, कब लगेंगे पैरापिट : कुलभाष
- सदन में पार्षद कुलभाष चौधरी ने गगल के समीप जोड़ नाला पर पैरापिट लगाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इस जगह पर 50 दुर्घटनाएं घटित हो चुकी हैं और हाल ही में भी चार दुर्घटनाओं की यह जगह गवाह बनी है। इस पर एडीसी कांगड़ा ने बीडीओ कांगड़ा को मामले को देखकर उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।
ननाहर में 2500 की आबादी, डाकघर की सुविधा नहीं : सुरेष्ठा
ये मामले भी उठाए- जिला पार्षद सुरेष्ठा देवी ने ननाहर पंचायत की 2500 की आबादी के लिए डाकघर बनाने की मांग उठाई। उन्होंने लोहार-लाहड़ी-कटूही सड़क की मरम्मत का मुद्दा सदन में उठाया। जिला पार्षद जोगिंद्र सिंह पंकू ने जिला परिषद की भूमि की पैमाइश करवाकर चहारदीवारी करने का मुद्दा सदन में उठाया। इस पर जिला पंचायत अधिकारी ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर भूमि की पैमाइश करवाई जाएगी।
ढलियारा स्कूल में फंड के दुरुपयोग के लगे आरोप


- जिला पार्षद ईशान शर्मा ने ढलियारा स्कूल में विभिन्न फंड के दुरुपयोग को लेकर प्रस्ताव सदन में रखा। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की गई है और उसके आधार पर रिपोर्ट को निदेशालय भेजा गया था, जिस पर स्कूल प्रिंसिपल को चेतावनी पत्र जारी किया गया है।
जिला परिषद की ओर से गठित विभिन्न कमेटियों की पिछले ढाई साल से बैठक नहीं हो पाई है। कमेटियों की साल में कम से कम दो बैठकें होना जरूरी है। ऐसे में इन कमेटियों की बैठक आयोजित करना जल्द सुनिश्चित किया जाएगा।
विज्ञापन

श्रवण कश्यप, जिला पंचायत अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें