बैजनाथ/धर्मशाला। वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर एक जीप से अवैध रूप से ले जाई जा रही लकड़ी को बरामद किया है। पुख्ता सूत्रों के अनुसार लकड़ी जिले के एक थाने के एडिशनल एसएचओ की थी। विभाग के आरओ ने जीप चालक को पांच हजार का जुर्माना लगाने के बाद छोड़ दिया है, जबकि लकड़ी व बेड बॉक्स को कब्जे में लेने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। वन विभाग की तीन टीमों ने शनिवार सुबह करीब 9 बजे चौबीन चौक और विनबा खड्ड पर बने पुल पर नाका लगाकर चौबीन की तरफ से आ रही जीप नंबर एचपी 65- 3222 से लकड़ी और दो बेड बाक्स जब्त कर लिए। वन विभाग ने गाड़ी मालिक को पांच हजार जुर्माना कर छोड़ दिया है। वन विभाग के आरओ सुभाष चंद ने बताया कि नाके के दौरान पकड़ी गई लकड़ी का बिल जीप चालक मौके पर उपलब्ध नहीं करवा सका है। उन्हाेंने बताया कि बाद में लकड़ी के मालिक पुलिस कर्मचारी ने उनके पास 17 अक्तूबर को एक निजी फर्म से ली गई लकड़ी का बिल उन्हें दिया है। बताया जा रहा है कि लकड़ी व बेड बॉक्स को एडिशनल एसएचओ अपने मंडी जिला स्थित घर को ले जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने लकड़ी को पकड़ लिया। वन विभाग के आरओ सुभाष चंद ने बताया कि गाड़ी मालिक को जुर्माने के बाद छोड़ कर लकड़ी को कब्जे में ले लिया गया है। उन्हाेंने बताया कि जब्त किए गए 25 तख्तों का मूल्य करीब 35 हजार रुपये बनता है। लकड़ी के मालिक पुलिस कर्मी की ओर से प्रस्तुत किए गए बिल की पड़ताल की जा रही है। पुख्ता सूत्रों की मानें तो एडिशनल एसएचओ ने लकड़ी को थाने में ही रखा था। यहां से उसने तीन जीपों में भरकर लकड़ी को मंडी जिले के एक उपमंडल स्थित अपने घर को भेज दिया। बताया जा रहा है कि थाने से ही किसी ने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दे दी। जिसके बाद नाके में लकड़ी पकड़ी गई।