पालमपुर (कांगड़ा)। चौकी खलेठ गांव में शुक्रवार को कार में दो लोगों के जिंदा जलने के मामले में पुलिस पड़ताल से पता चला है कि दोनों शव पुरुषों के थे। हालांकि, इनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। शवों का पोस्टमार्टम करवा लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को पालमपुर अस्पताल में रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चल गया है कि कार में जले लोगों में से कोई महिला नहीं थी। पुरुषों में एक की आयु 22 से 25 और एक की 38 से 40 के बीच बताई गई है। इसके अलावा शवों की कोई शिनाख्त नहीं हो पाई है। इलाके के अन्य थानों में भी दो युवकों की कोई गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। पुलिस ने इस हादसे को लेकर अपनी जांच तेज कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शनिवार को पुलिस टीम ने फिर घटनास्थल का दौरा किया है। जहां से पुलिस ने कार की राख और घटनास्थल की मिट्टी के सात अन्य तथ्य भी जुटाए हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पालमपुर पुलिस का कहना है कि कोई भी व्यक्ति शवों की पहचान को लेकर थाना नंबर 01894-230211 या थाना प्रभारी गुरु बच्चन सिंह के मोबाइल नंबर 94181-14810 पर संपर्क कर सकते हैं। शिनाख्त न होने पर इन्हें 72 घंटे के बाद जला दिया जाएगा। डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि पुलिस हर तथ्य से जांच में जुटी हुई है।