देहरा (कांगड़ा)। त्योहारी सीजन में लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग मुस्तैद हो गया है। बुधवार को कांगड़ा और देहरा में मिठाइयों की दुकानों में छापामारी कर तीन सैंपल भरे गए। इतना ही नहीं गुणवत्ता में कमी पाई जाने पर 50 किलो मिठाइयां भी मौके पर ही नष्ट की गईं। स्वास्थ्य विभाग ने दीपावली पर्व के मद्देनजर लोगों को फ्रेश और गुणवत्तापूर्वक मिठाइयों मुहैया करवाने के लिए छापामारी अभियान छेड़ दिया है। प्रथम चरण में कांगड़ा जिले के बाजारों में छापामारी कर मिठाइयों के सैंपल भरे जा रहे हैं। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मंजीत सिंह के नेतृत्व ने टीम ने कांगड़ा व देहरा में बुधवार को मिठाइयों का निरीक्षण किया। उधर, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मंजीत सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम को नकली मिठाई मिलने पर मौके पर ही इसे नष्ट किया जाएगा और सैंपल भरे जाएंगे।