थुरल (कांगड़ा)। इलाके के गांव गलोटी में एक कार के गहरी खाई में गिरने से पिता और पुत्री घायल हो गए हैं। गंभीर घायल दोनों को थुरल अस्पताल से टांडा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। खुंडियां पुलिस चौकी के तहत आने वाले इस मामले को थुरल पुलिस ने खुंडियां पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार थुरल इलाके के साथ पड़ते गांव गलोटी में प्रेम चंद (45) अपने बेटी रिंपी (16) निवासी खलियाना (गलोटी) के साथ कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे। इस दौरान घर से करीब दो किलोमीटर दूर उनकी कार सड़क से करीब 35-40 फुट नीचे गिर गई। इससे पिता और बेटी दोनों गंभीर घायल हो गए। लोग उन्हें कार से निकाल कर थुरल अस्पताल लाए। लेकिन चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देख दोनों टांडा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। उधर, थुरल चौकी के प्रभारी दया राम ठाकुर ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों का प्राथमिक उपचार करवाकर उन्हें टांडा रेफर कर दिया है। जबकि यह इलाका खुंडियां पुलिस चौकी के अधीन आता है। पुलिस चौकी खुुंडियां को इसकी सूचना दे दी गई है।