योल (कांगड़ा)। पुलिस चौकी योल के तहत आते स्थानीय बाजार में दीपावली के दिन बाइक सवार दो गुटों में मारपीट हो गई। बाजार में आधा घंटे तक दोनों गुटों में खूब लात-घूंसे चले और जोर-जोर से गाली-गलौज किया गया। इससे बाजार में दहशत का माहौल पैदा हो गया। यही नहीं बाजार में खरीददारी करने आए ग्राहक भी खून खराबे के डर वापस चले गए। इस कारण स्थानीय दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हुआ। इस संबंध में बुधवार को व्यापार मंडल योल की आपात बैठक बुलाई गई। व्यापार मंडल के प्रधान इंद्रजीत सेठी, उमेश सैणी, सरदार प्यारा सिंह, राजेश, राकेश चड्ढा और सुभाष थापा ने पुलिस से शरारती तत्वों पर कार्रवाई करने की गुहार लगाई। बैठक के बाद व्यापार मंडल ने मारपीट और हुड़दंग के संदर्भ में पुलिस चौकी योल में शिकायत दर्ज करवाई। व्यापार मंडल ने पुलिस से बाजार में मारपीट करने, तेज गति से वाहन चलाने, नशे की हालत में गाली-गलौज करने और काले शीशे वाली गाड़ी का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की। व्यापार मंडल की शिकायत पर पुलिस ने दोनों गुटों को चौकी में बुलाया। वहां पर दोनों पक्षों की ओर से लिखित में माफीनामा लेकर छोड़ा गया। पुलिस चौकी के मुख्य आरक्षी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने आरोपी युवकों को चेतावनी दी है कि कहा कि अगर भविष्य में कोई शिकायत मिलती है तो सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।