अर्धसैनिक बलों को दिया जाए शहीद का दर्जा
फतेहपुर (कांगड़ा)। देहरी कॉलेज की एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने अर्ध सैनिक बलों के जवानों को ड्यूटी के दौरान मृत्यु पर शहीद का दर्जा देने तथा इन बलों के जवानों की सेवानिवृत्ति पर पेंशन सुविधा देने के लिए इकाई ने 25 फरवरी को हस्ताक्षर अभियान चलाया था। इसमें 1000 से अत्यधिक छात्रों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई। वहीं, देहरी स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने राज्य कमेटी के आह्वान पर पूरे देश के अर्धसैनिक बलों को ड्यूटी के दौरान मृत्यु पर शहीद का दर्जा देने तथा इन बलों के जवानों को सेवानिवृत्ति पर पेंशन सुविधा देने की मांग देश के राष्ट्रपति तथा प्रधानमंत्री से की। उन्होंने एसडीएम फतेहपुर और तहसीलदार फतेहपुर के माध्यम से भारत के प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया है कि सरकार को सैनिक अर्धसैनिक बलों के मध्य कोई अंतर नहीं करना चाहिए। उन्हें पेंशन की भी सुविधा मिलनी चाहिए जो वर्तमान में अर्धसैनिक बलों को नहीं मिल रही है। एसएफआई जिला अध्यक्ष रोहित कबीर ने मांग की है कि पुलवामा में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों पर हमले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। इस अवसर पर इकाई पूर्व सचिव सचिन धीमान, रूपांश, अक्षय और पंकज मौजूद रहे।