बैजनाथ-पपरोला नपं से नहीं बाहर होंगे ग्रामीण एरिया
2017 में एक करोड़ 37 लाख, 2018 में स्वीकृत हुए 2 करोड़ 15 लाख
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। प्रदेश की सबसे बड़ी नगर पंचायत बैजनाथ-पपरोला से ग्रामीण एरिया को बाहर नहीं किया जाएगा। इन एरिया को नपं से बाहर करने का सरकार के पास कोई भी प्रस्ताव नहीं है। हालांकि, नपं में विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों के लिए सरकार ने साल 2017 में एक करोड़ 37 लाख और 2018 में दो करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक धनराशि स्वीकृत की है। बैजनाथ के विधायक मुल्ख राज प्रेमी के शीत सत्र में पूछे प्रश्न के लिखित जवाब में शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी ने बताया है कि बैजनाथ-पपरोला नपं में शामिल ग्रामीण एरिया में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नपं के विभिन्न वार्डों में विकास कार्य के लिए साल 2017 में 1,37,19,735 रुपये की धनराशि जारी की गई थी, जिसमें से 1,35,03431 रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं 2018 में 2,15,70,096.6 रुपये जारी किए गए हैं। इसमें से 9,80,9042 रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि शेष धनराशि के विकास कार्य चले हुए हैं।