कंदौर-भूंगत्याल मार्ग पर बरसात में टारिंग
रैहन (कांगड़ा)। लोक निर्माण विभाग रैहन के अंतर्गत नियमों को दरकिनार कर बरसात में पैचवर्क सहित टारिंग का कार्य किया जा रहा है। दस दिन पहलेे डाली गई कोलतार उखड़ गई है। कंदौर निवासी मनमोहन सिंह, मलकीयत सिंह, दिलेर सिंह, सुखविंदर सिंह, चनन सिंह, राकेश कुमार, मुकेश कुमार, टकोली पंचायत के पूर्व वार्ड पंच लक्की स्टार, मनोहर लाल, बिट्टू चौधरी, प्रमोद सिंह, कुंदन सिंह, मेहर सिंह, आशीष कुमार और प्रेम सिंह ने आरोप लगाया कि कंदौर-भूंगत्याल मार्ग पर बरसात के समय पैचवर्क और टारिंग का कार्य किया जा रहा है। पैचवर्क व टारिंग के कार्य में मापदंडों को भी पूरा नहीं किया जा रहा है। दस दिन पहले इस रोड पर डाली गई कोलतार उखड़ गई है। अब विभाग ने फिर से कार्य शुरू कर दिया है। इससे सरकारी पैसे का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि रैहन में लोक निर्माण विभाग के जितने भी कार्य चल रहे हैं, उनमें नियमों के विपरीत दरिया का बजरी-रेता लगाया जा रहा है। ठेकेदारों ने सड़कों के किनारे सरेआम दरिया का रेता-बजरी फेंका गया है। रैहन के लोनिवि के एसडीओ कुलदीप सिंह ठाकुर का कहना है कि जेई को निर्देश दे दिए हैं कि जब तक बरसात है तब तक काम बंद रखा जाए। इस मार्ग का काम साफ मौसम में किया जाएगा।