अमर उजाला ब्यूरो
डमटाल/इंदौरा (कांगड़ा)। पठानकोट-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मीलवा के पास ब्यास नदी पर बने पुल पर बाइक सवार युवक एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार पुलिस को देर रात सूचना मिली कि मीलवा गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी युवक को कोई अज्ञात वाहन टक्कर मार गया है और युवक गंभीर रूप से जख्मी है। इस पर ठाकुरद्वारा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल अवस्था में पड़े युवक को पठानकोट के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। युवक की पहचान शुभम (25) पुत्र लेख राज गांव पोंडा तहसील वह थानां बसोली जिला कठुआ जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। शुभम मुकेरियां में ढाबा चलाता था, जो अपनी बाइक से घर जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया है। उधर, डीएसपी नूरपुर नवदीप सिंह ने बताया कि ठाकुरद्वारा पुलिस चौकी में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।