अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। पश्चिमी कमान के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सुरेंद्र सिंह ने पठानकोट और सांबा इलाके के अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया। राइजिंग स्टार के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल वाईवीके मोहन ने सेना प्रमुख को जम्मू पठानकोट के अग्रिम इलाकों में सुरक्षा संबंधी हालात के बारे में जानकारी दी। धर्मशाला में जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सेना प्रमुख ने इलाकों में सुरक्षा संबंधी तैयारी का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने इलाके में तैनात सभी सुरक्षा एजेंसियों को तालमेल बनाए रखने के लिए सराहा। उन्होंने सेना के जवानों से इन दिनों घट रही घटनाओं से निपटने के लिए अति चौकस और तैयार रहने के लिए कहा। सेना प्रमुख ने इलाके में तैनात कमांडर और सैनिकों से मुलाकात कर उनके अदम्य साहस की तारीफ की।